मंत्रिमंडल ने सनदी लेखा संस्‍थानों में सहयोग पर भारत और कनाडा के बीच एमओयू को मंजूरी दी..

दिल्ली: 9 अगस्त, 2018 प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने इंस्‍टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) और चार्टर्ड प्रोफेशनल अकाउंटेंट्स ऑफ कनाडा (सीपीए कनाडा) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्‍ताक्षर को मंजूरी दे दी है।
विवरण :
मंत्रिमंडल ने यह मंजूरी 2011 में हस्‍ताक्षरित एमओयू की पूर्वव्‍यापी मंजूरी के संदर्भ में और भारत के आईसीएआई एवं कनाडा के सीपीए के बीच एमओयू पर हस्‍ताक्षर के लिए दी है। इस एमओयू के तहत पारस्‍परिक सदस्‍यता के लिए व्‍यवस्‍था की परिकल्‍पना की गई है जो विशिष्‍ट मानदंडों के साथ दोनों संस्‍थानों के संबंधित सदस्‍यों पर लागू होगी। इस एमओयू में परिभाषा, अधिगम में सहयोग और प्रवेश स्‍तर के चार्टर्ड अकाउंटेंट की पेशेवर गुणवत्‍ता, कौशल एवं दक्षता का मूल्‍यांकन शामिल है।
प्रभाव :
इसका उद्देश्‍य आईसीएआई के सदस्‍यों, छात्रों एवं उनके संस्‍थानों के व्‍यापक हित में पारस्‍परिक रूप से लाभकारी संबंध विकसित करना है। यह एमओयू आईसीएआई के सदस्‍यों को उनका पेशेवर दायरा बढ़ाने के लिए अवसर मुहैया कराएगा। साथ ही, आईसीएआई स्‍थानीय देशों के ब्रांड निर्माण को मजबूती देने वाले संस्‍थान के तौर पर उभरेगा। यह एमओयू आईसीएआई और सीपीए कनाडा के बीच एक मजबूत कार्य संबंध स्‍थापित करेगा।
लाभार्थी :
यह एमओयू अधिक से अधिक युवा भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट को सीपीए कनाडा से पेशेवर पदनाम को मान्‍यता हासिल करने के लिए प्रोत्‍साहित करेगा और उन्‍हें कनाडा में पेशेवर अवसर तलाशने में मदद करेगा। कई भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट कनाडा की कंपनियों में उच्‍च पद पर कार्यरत हैं और उन्‍हें सीपीए कनाडा से मान्‍यता प्राप्‍त है। कनाडा के उद्योग जगत को भारतीय प्रतिभा एवं कौशल में भरोसा है और वहां की कंपनियां उन्‍हें नियुक्‍त करने के लिए आगे बढ़ रही हैं।
कार्यान्‍यवन रणनीति एवं लक्ष्‍य :
यह एमओयू उन सदस्‍यों पर लागू होगा जिन्‍होंने आईसीएआई अथवा कनेडियन प्रोविंशियल सीपीए संस्‍थानों से आवश्‍यक पढ़ाई, परीक्षा एवं प्रायोगिक अनुभव प्राप्‍त करते हुए आईसीएआई अथवा कनेडियन प्रोविंशियल सीपीए संस्‍थानों से सदस्‍यता हासिल की है। यह समझौता उन व्‍यक्तियों पर स्‍वत: लागू नहीं होता जिन्‍होंने किसी तीसरे पक्ष के अन्‍य समझौते के तहत आईसीएआई अथवा कनेडियन प्रोविंशियल सीपीए संस्‍थानों से सदस्‍यता हासिल की है।
पृष्‍ठभूमि :
आईसीएआई भारत के संसद द्वारा पारित अधिनियम द चार्टर्ड अकाउंटेंट एक्‍ट,1949 के तहत स्‍थापित एक वैधानिक संस्‍था है। इसका उद्देश्‍य भारत में चार्टर्ड अकाउंटेंट पेशे को विनियमित करना है। सीपीए कनाडा इंस्‍टीट्यूट कनाडाई एकीकृत लेखा पेशे की मदद के लिए स्‍थापित एक राष्‍ट्रीय संस्‍था है।

Comments

मुख्य समाचार

योगी आदित्यनाथ के मंत्रिपरिषद के महत्वपूर्ण निर्णय

राज्यपाल से मिले प्रशिक्षु आई0पी0एस0 अधिकारी..

वर्षांत समीक्षा 2018 - मानव संसाधन विकास मंत्रालय