भारतीय तटरक्षक ने तमिलनाडु की मछली पकड़ने वाली लापता नौका 'मर्सिडीज' को बचाया
भारतीय तटरक्षक ने समुद्र में एक और सफल खोजबीन एवं बचाव अभियान में गोवा से लगभग 1100 किलोमीटर (590 मील) की दूरी पर 24 अप्रैल 2021 से बड़े पैमाने पर शुरू एक खोजबीन अभियान में तमिलनाडु की मछली पकड़ने वाली लापता नौका 'मर्सिडीज' को बचाया है । चालक दल के कुल 11 सदस्यों के साथ मछली पकड़ने वाली नौका तमिलनाडु के थेंगपट्टनम फिशिंग हार्बर से 30 दिनों की यात्रा के लिए 06 अप्रैल 2021 को केरल के गहरे समुद्र में मछली पकड़ने के लिए रवाना हुई थी। 24 अप्रैल, 2021 को तमिलनाडु मत्स्य पालन अधिकारियों ने क्षेत्र में सक्रिय अन्य मछली पकड़ने वाली नौकाओं के हवाले से मलबे को देखे जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद यह माना गया कि 'मर्सिडीज' डूब चुकी है ।
मुंबई में भारतीय तटरक्षक के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) ने लापता नौका की तलाश के लिए बताए गए क्षेत्र के समीप गुजरने वाले व्यापारिक जहाज़ों को सचेत करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र (आईएसएन) को सक्रिय किया। साथ ही तैनाती पर आईसीजीएस समुद्र प्रहरी को तलाशी के काम के लिए लगाया गया। एमआरसीसी (मुंबई) ने इस क्षेत्र में सक्रिय मछली पकड़ने वाली नौकाओं के साथ खोजबीन अभियान में शामिल होने के लिए मर्चेंट पोत मार्स्क होर्सबर्ग के साथ समन्वय स्थापित किया। चूंकि रिपोर्ट की गई स्थिति पाकिस्तान खोज और बचाव क्षेत्र में स्थित थी, इसलिए एमआरसीसी कराची से भी प्रचलित अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) मानदंडों के अनुसार सहायता के लिए अनुरोध किया गया था । मुख्य क्षेत्र से दूरी को देखते हुए भारतीय नौसेना से लंबी दूरी के समुद्री गश्ती विमान की मदद लेने का अनुरोध किया गया । पता चला कि मछली पकड़ने वाली नौका के पास एआईएस या कोई अन्य ट्रांसपोंडर नहीं था अन्यथा खोजबीन में नाव का शीघ्र पता लगाने में सहायता मिल सकती थी।
Comments