मुख्यमंत्री ने कोविड-19 के विरुद्ध संघर्ष में और तेजी लाने के निर्देश दिये
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कोविड-19 के विरुद्ध संघर्ष में और तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ इस युद्ध में हौसला बनाये रखते हुए मिलकर मजबूती से प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त संख्या में टेस्ट किये जा रहे हैं। पाॅजिटिविटी कम हो रही है। रिकवरी अच्छी है। यह एक आशाजनक संकेत है।
मुख्यमंत्री जी आज वर्चुअल माध्यम से आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि पिछले 24 घण्टे के दौरान 2,29,440 जांच की गयीं। आर0टी0पी0सी0आर0 द्वारा 1,29,000 से अधिक टेस्ट किये गये। विगत दिवस कोरोना संक्रमण के 29,192 नये मामले आये हैं, जबकि उपचार के पश्चात 38,687 व्यक्ति डिस्चार्ज किये गये। इससे राज्य में कुल एक्टिव मामलों की संख्या कम होकर 2,85,832 रह गयी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कोविड-19 के दृष्टिगत गांवों में विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है। गांवों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने 05 मई, 2021 से प्रदेशव्यापी विशेष जांच अभियान संचालित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान निगरानी समितियों के सदस्यों द्वारा ग्राम पंचायत में घर-घर जाकर लोगों की इन्फ्रारेड थर्मामीटर से जांच की जाएगी, पल्स आॅक्सीमीटर से आॅक्सीजन लेवल चेक किया जाएगा।
Comments