पीएसी स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रशंसनीय प्रदर्शन का उत्साहवर्धन किया गया,
35वीं वाहिनी पीएसी के प्रांगण में दिनांक 17.12.2018 को आयोजित 70वें पीएसी स्थापना दिवस- 2018 के अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री, उ0प्र0, माननीय योगी आदित्यनाथ जी के आगमन पर उनका स्वागत पीएसी की कम्पनी द्वारा परंपरागत तरीके से ‘गार्ड आफ आनर’ देकर किया गया। इस अवसर पर सम्मान गार्द का निरीक्षण मुख्य अतिथि द्वारा किया गया, जिनकी अगवानी श्री ओ0पी0 सिंह, पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 एवं श्री आर0के0 विश्वकर्मा, अपर पुलिस महानिदेशक पीएसी उ0प्र0 ने की।35वीं वाहिनी पीएसी के प्रांगण में दिनांक 17.12.2018 को आयोजित पीएसी स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा अपने आशीषवचनों में पीएसी कर्मियों के साहस, कर्तव्य निष्ठा की मुक्त कंठ से प्रशंसा की गयी। इस अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश द्वारा पूर्व में समाप्त की गयी 74 पीएसी कम्पनियों को पुनः क्रियाशील करने के साथ-साथ 03 महिला पीएसी बटालियनों के गठन की प्रक्रिया प्रचलन में होने के सम्बन्ध में अवगत कराया गया।
पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 द्वारा इस अवसर पर पीएसी के स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि पीएसी ने प्रदेश और प्रदेश के बाहर भी समाज की सेवा में अपने को समर्पित किया है तथा कई चुनौतीपूर्ण मौकों पर अपनी सेवाएं दी हैं। पीएसी के बहु आयामी कर्तव्यों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने पीएसी बल की पहचान को ‘‘पीएसी-बल सर्वोत्तम बल’’ के रूप में
रेखांकित किया, उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय सीमाओं की चैकसी, उग्रवाद के विरूद्ध अभियान, शान्ति व्यवस्था स्थापना तथा निष्पक्ष व शान्ति पूर्ण मतदान सम्पन्न कराने में पीएसी की निष्ठा, निष्पक्षता, व्यवसायिक दक्षता व वीरता के मापदण्डों में पीएसी के कर्तव्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर मा0 मुख्य अतिथि के समक्ष एस0एस0बी0, आई0टी0बी0पी0 एवं उ0प्र0 पुलिस स्टेट बैण्ड द्वारा अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। मा0 मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रशंसनीय प्रदर्शन का उत्साहवर्धन किया गया, जिसके उपरान्त मुख्य अतिथि के समक्ष कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए मलखम्भ, पीएसी जवानों द्वारा वन मिनट ड्रिल, तीरन्दाजी, एस0डी0आर0एफ0 एवं कमाण्डों का आपरेशनल प्रदर्शन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एस0के0डी0एकेडमी व पी0एम0एस0 स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।
मा0 मुख्य अतिथि द्वारा 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ के सेनानायक, डा0 राकेश सिंह को सर्वाेत्तम वाहिनी की चल वैजन्ती से पुरस्कृत किया गया। सर्वश्रेष्ठ कार्य का पुरस्कार सेनानायक, 30वीं वाहिनी पीएसी, गोण्डा श्री अशोक कुमार वर्मा एवं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का नकद पुरस्कार एवं ट्राफी मुख्य आरक्षी (प्रो0) श्री प्रभाष श्रीवास्तव, 12वीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर को प्रदान किया गया।
इसके उपरान्त माननीय मुख्यमंत्री, उ0प्र0 द्वारा प्रदेश भर से पीएसी वाहिनियों के माध्यम से आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। उक्त प्रदर्शनी में पीएसी/पुलिस विभाग में प्रयोग किये जा रहे शस्त्रों, बैण्ड इन्स्ट्रूमेन्ट, जेनरिक दवाओं, एस0डी0आर0एफ0 के उपकरणों इत्यादि की प्रदर्शनी लगायी गयी।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव, गृह, पी0ए0सी0 एवं उ0प्र0 पुलिस के सेवारत् एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Comments