तीन दिवसीय ‘भारत-चीन फिल्म महोत्सव’ का शुभारंभ 22 दिसंबर को
भारत और चीन की आम जनता के बीच पारस्परिक संपर्क बढ़ाने के साथ-साथ दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने के लिए सांस्कृतिक एवं जन आदान-प्रदान की प्रथम भारत-चीन उच्चस्तरीय व्यवस्था के दौरान भारत-चीन फिल्म महोत्सव भी आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन 22 से 24 दिसंबर, 2018 तक किया जाएगा। तीन दिवसीय महोत्सव भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के फिल्म महोत्सव निदेशालय द्वारा नई दिल्ली स्थित सिरी फोर्ट सभागार-II में आयोजित किया जाएगा।
फिल्म महोत्सव के दौरान कुल मिलाकर 7 फिल्में दिखाई जायेंगी जिनमें से चार फिल्में चीन और तीन फिल्में भारत की होंगी। फिल्म महोत्सव के शुभारंभ पर ‘सीजेड12’ फिल्म दिखाई जाएगी, जो ‘चाइनीज जोडिएक’ के नाम से भी जानी जाती है। फिल्म महोत्सव के दौरान जो भारतीय फिल्में दिखाई जायेंगी उनमें ‘दंगल (हिन्दी)’, ‘माछेर झोल (बांग्ला)’ और‘वेंटिलेटर (मराठी)’ शामिल हैं। महोत्सव के दौरान निम्नलिखित कार्यक्रम के अनुसार फिल्में दिखाई जाएंगी :
दिनांक/समय
|
प्रातः 10:30 बजे
|
दोपहर 1:30 बजे
|
शाम 5:00 बजे
|
22.12.18
(शनिवार)
| सीजेड12 यानी चाइनीज जोडिएक निर्देशक जैकी चैन 109 मिनट मंडारिन – फ्रेंच – अंग्रेजी/2012 | दंगल निर्देशक नितेश तिवारी 161 मिनट हिन्दी/2016 | ब्रदरहुड ऑफ ब्लेड्स निर्देशक यांग लू 111 मिनट मंडारिन/ मंगोलियाई/2014 |
23.12.18
(रविवार)
| माछेर झोल निर्देशक प्रतीम डी. गुप्ता 108 मिनट बांग्ला/2017 | लॉस्ट इन थाईलैंड निर्देशक झेंग जू 105 मिनट मंडारिन/ अंग्रेजी/ थाई/2012 | |
24.12.18
(सोमवार)
| वुल्फ टोटेम निर्देशक जीन-जैक्वेस अनोद 121 मिनट मंडारिन/ मंगोलियाई/2015 | वेंटिलेटर निर्देशक राजेश मपुस्कर 143 मिनट मराठी/2016 |
सभी फिल्मों में अंग्रेजी उपशीर्षक होंगे।
महोत्सव में प्रवेश को निःशुल्क रखा गया है। कोई भी व्यक्ति सिर्फ अपनी एक वैध फोटो आईडी दिखाकर सभागार में प्रवेश कर सकता है। सभागार में ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। फिल्म महोत्सव के लिए लोग सिरी फोर्ट सभागार की गेट संख्या 5 के जरिये प्रवेश कर सकेंगे।
Comments